Ranchi: राजधानी में नशे के खिलाफ अभियान के तहत सुखदेवनगर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने ब्राउन शुगर की तस्करी कर रहे एक युवक को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपी का नाम फरीद शाह है, जिसकी उम्र करीब 29 वर्ष बताई गई है. वह गाड़ीखाना चौक, सुखदेवनगर थाना क्षेत्र का रहने वाला है.
फरीद शाह को बानों मंजिल रोड स्थित एमएस कोचिंग सेंटर के पास से उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह ब्राउन शुगर बेचने की कोशिश कर रहा था. पुलिस ने उसके पास से 17 पुड़िया ब्राउन शुगर (करीब 3.31 ग्राम), एक स्मार्टफोन और ₹1300 नकद जब्त किया है. यह कार्रवाई DIG सह SSP चंदन कुमार सिन्हा के निर्देश पर की गई, जिसकी जानकारी उन्होंने मीडिया को दी.
SSP ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक एमएस कोचिंग सेंटर के पास नशे की पुड़िया बेचने वाला है. इसके बाद सिटी SP अजीत कुमार और कोतवाली DSP प्रकाश सोय के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई. पुलिस को देखते ही फरीद भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे धर दबोचा.
पूछताछ में फरीद ने खुलासा किया कि उसके साथ अफ्ताब अंसारी, मो. अफसर अंसारी और इरफान अंसारी भी इस धंधे में शामिल हैं. ये तीनों आरोपी सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के पहाड़ी टोला, इमामबाड़ा, नसुरुद्दीन लेन के निवासी हैं. फरीद ने बताया कि वे लोग ब्राउन शुगर को हिन्दपीढ़ी, हरमू मैदान, विधाननगर और मधुकम जैसे इलाकों में घूम-घूमकर बेचते हैं. फिलहाल फरीद पुलिस की गिरफ्त में है और उसके बाकी साथियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है.



