Ranchi : तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राज्यसभा सांसद मोहम्मद नदीमुल हक से जुड़े कई ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई शुरू की है। ईडी की अलग-अलग टीमों ने रांची, दिल्ली और कोलकाता में एक साथ सात ठिकानों पर छापेमारी शुरू की है।
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई कथित तौर पर सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने वाली सामग्री के प्रकाशन, संदिग्ध वित्तीय लेनदेन और कथित अवैध फंडिंग से जुड़ी शिकायतों की जांच के तहत की जा रही है। ईडी की टीम संबंधित परिसरों में दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
कई ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई
बताया जा रहा है कि जांच एजेंसी की कार्रवाई एक साथ तीन शहरों में चल रही है। छापेमारी के दौरान ईडी की टीम संभावित वित्तीय लेनदेन और फंडिंग से जुड़े दस्तावेजों की भी पड़ताल कर रही है।
हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर ईडी की ओर से अभी तक विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई और कथित अनियमितताओं से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


