Ranchi : धुर्वा स्थित पंचमुखी मंदिर प्रांगण में जनहित सेवा ट्रस्ट की ओर से 51 जोड़ों का भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। सामाजिक समरसता और मानव सेवा की भावना से आयोजित इस कार्यक्रम में नवविवाहित जोड़ों को समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने आशीर्वाद दिया और उनके नए जीवन की शुरुआत के लिए उपहार भी भेंट किए।
ट्रस्ट की अध्यक्ष रेणु देवी ने बताया कि संस्था पिछले 10 वर्षों से आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के युवक-युवतियों के विवाह का आयोजन कर रही है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट अब तक करीब चार हजार शादियां संपन्न करा चुका है और समाज के सहयोग से यह सेवा कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में न्यूज वेव झारखंड के मालिक एवं समाजसेवी सौरभ सिंह शामिल हुए। उन्होंने नवदंपतियों को सुखद, सफल और खुशहाल वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन समाज में सहयोग, समानता और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने जनहित सेवा ट्रस्ट के इस प्रयास की सराहना भी की।
समारोह में वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी धर्मेंद्र गिरी, रोहित सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने नवदंपतियों को उपहार भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी में संपन्न यह सामूहिक विवाह समारोह सामाजिक सेवा और जनकल्याण का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया। उपस्थित लोगों ने जनहित सेवा ट्रस्ट के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए अनुकरणीय पहल बताया।


