Ranchi: हाल ही में माओवादी नेता बसव राजू के मारे जाने के बाद तुर्की और फिलीपींस के वामपंथी उग्रवादी संगठनों द्वारा दिए गए समर्थन ने एक बार फिर माओवादियों के अंतरराष्ट्रीय संपर्कों को उजागर कर दिया है. तुर्की के एक वामपंथी संगठन ने वीडियो जारी कर भारत सरकार की आलोचना की और बसव राजू को ‘महान नायक’ बताते हुए PLGA के 27 मारे गए माओवादियों को श्रद्धांजलि दी. इस वीडियो में एक हथियारबंद व्यक्ति चेहरे को ढककर बयान पढ़ता नजर आता है.
इसी प्रकार, फिलीपींस की कम्युनिस्ट पार्टी ने भी एक बयान में CPI (माओवादी) महासचिव बसवराज और अन्य मारे गए माओवादियों को श्रद्धांजलि दी है. इन घटनाओं से यह स्पष्ट होता है कि भारत में माओवादी संगठनों को वैश्विक स्तर पर वैचारिक और नैतिक समर्थन मिल रहा है. यह न केवल भारत की आंतरिक सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती है, बल्कि यह भी संकेत देता है कि विदेशी उग्रवादी तत्व भारत में हिंसक गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे हैं.



