सोनम रघुवंशी हत्या मामले में नए खुलासे: सहेलियां भी जांच के घेरे में

0
232

Indore: इंदौर निवासी सोनम रघुवंशी, अपने कारोबारी पति राजा रघुवंशी की हत्या के आरोप में शिलांग पुलिस की न्यायिक हिरासत में है. इस सनसनीखेज मामले की जांच में तेजी आ गई है और शिलांग पुलिस की एसआईटी (विशेष जांच दल) की तीन सदस्यीय टीम इन दिनों इंदौर में पड़ताल कर रही है. 25 जून को टीम को जांच में अहम कामयाबियां मिलीं, जिनसे केस की गुत्थी सुलझने की उम्मीद बढ़ गई है.

जांच टीम को एक नाले से सोनम रघुवंशी का लैपटॉप सुरक्षित अवस्था में मिला है, जिसे इतने अच्छे से पैक किया गया था कि पानी में भी वह खराब नहीं हुआ. पुलिस को यह जानकारी मामले में आरोपी प्रॉपर्टी ब्रोकर शिलोम जेम्स से मिली थी. शिलोम ने कबूल किया कि उसने बिना देखे ही सोनम का लैपटॉप नाले में फेंक दिया था, क्योंकि वह सारे डिजिटल साक्ष्य खत्म करना चाहता था. इसके अलावा, हत्या में प्रयुक्त पिस्टल भी पुलिस को बरामद हो गई है, जो शुरू से ही तलाशी में थी.

पुलिस ने शिलोम जेम्स की कार से लाखों रुपये की नकदी भी जब्त की है. जांच में पता चला है कि हत्या के बाद सोनम रघुवंशी इंदौर लौटी थी और अपने दो साथियों – विशाल चौहान और राज कुशवाह – के साथ हीराबाग के जी-1 फ्लैट में ठहरी थी, जो शिलोम ने ही किराए पर दिलवाया था. शिलोम ने पूछताछ में बताया कि वह इन लोगों के रुकने के सारे सबूत मिटाना चाहता था, इसलिए सोनम का सामान, खासकर लैपटॉप, उसने नष्ट करने की कोशिश की.

जांच में अब सोनम की कुछ सहेलियां और परिचित भी शक के घेरे में आ गए हैं. अधिकारियों का मानना है कि इतनी बड़ी और संगठित साजिश को अकेले अंजाम देना संभव नहीं था. इसलिए संभावना जताई जा रही है कि सोनम ने अपने किसी नजदीकी दोस्त या सहेली से इस हत्या की योजना को लेकर चर्चा की होगी. पुलिस उन सभी दोस्तों और सहेलियों की पहचान कर चुकी है जिनसे पूछताछ की जा सकती है.

एक युवती अलका का नाम सामने आया है, जिससे सोनम की घनिष्ठता रही है. हालांकि, अलका अब तक सामने नहीं आई है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है. जांच दल मानता है कि हत्या की योजना में सोनम की किसी सहेली की भूमिका जरूर रही होगी, और इसी कड़ी में पूछताछ का दायरा अब तेजी से बढ़ाया जा रहा है. इस हत्याकांड की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस डिजिटल साक्ष्य, बातचीत और संदिग्ध गतिविधियों की बारीकी से जांच कर रही है. आने वाले दिनों में केस में और भी बड़े खुलासे संभव हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here