पश्चिम एशिया में युद्ध के बीच समुद्री संकट, रांची के अरगोड़ा स्थित वसुंधरा अपार्टमेंट में रहता है परिवार
Ranchi : पश्चिम एशिया में ईरान के साथ 28 फरवरी से जारी युद्ध के बीच स्टेट ऑफ होर्मुज के समुद्री क्षेत्र में फंसे शिप ‘अवाना’ के कैप्टन 47 वर्षीय राकेश रंजन सिंह की मौत हो गई है। इस घटना की खबर मिलते ही रांची समेत उनके परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। राकेश रंजन सिंह का परिवार रांची के अरगोड़ा स्थित वसुंधरा अपार्टमेंट में रहता है।
युद्ध के कारण समुद्र में फंसा था जहाज
बताया जा रहा है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव और युद्ध की स्थिति के कारण शिप ‘अवाना’ स्टेट ऑफ होर्मुज के समुद्री क्षेत्र में फंस गया था। इसी दौरान जहाज पर मौजूद कैप्टन राकेश रंजन सिंह की मौत की सूचना सामने आई। हालांकि, उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसको लेकर अभी आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
रांची के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
कैप्टन राकेश रंजन सिंह की मौत की खबर से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अरगोड़ा स्थित उनके आवास पर मातम का माहौल है। परिजन सदमे में हैं और आसपास के लोग भी उन्हें ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।
प्रशासन और केंद्र सरकार से मदद की उम्मीद
इस घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों की निगाहें अब प्रशासन और केंद्र सरकार पर टिकी हैं। परिजन चाहते हैं कि सरकार मामले में हस्तक्षेप कर पूरी जानकारी उपलब्ध कराए और आवश्यक सहायता सुनिश्चित करे। साथ ही जहाज पर मौजूद अन्य भारतीयों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।
समुद्री मार्ग पर बढ़ा खतरा
स्टेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापार मार्गों में गिना जाता है। पश्चिम एशिया में युद्ध और तनाव के कारण इस क्षेत्र में समुद्री गतिविधियां प्रभावित होने लगी हैं। ऐसे हालात में वहां फंसे जहाजों और कर्मचारियों की सुरक्षा एक बड़ा मुद्दा बन गई है।
परिवार को आधिकारिक सूचना का इंतजार
फिलहाल राकेश रंजन सिंह के परिजन आधिकारिक पुष्टि, शव को भारत लाने की प्रक्रिया और आगे की सरकारी कार्रवाई को लेकर जानकारी का इंतजार कर रहे हैं। इस दर्दनाक घटना ने रांची ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है।



