Jhar Media: रांची में छात्रों ने मुख्यमंत्री आवास घेराव करने की घोषणा कर दी। JPSC-JSSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं और JSSC-CGL परीक्षा को रद्द कर मामले की जांच CBI से कराने की मांग को लेकर छात्रों ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। रांची में JPSC-JSSC Reform मंच ने मुख्यमंत्री आवास घेराव की घोषणा की है।
इसे भी पढ़ें- नौकरियों में 500 करोड़ का हुआ स्कैम, विधायक जयराम ने लगाए सनसनीखेज आरोप
छात्रों ने कहा है कि यदि 18 अगस्त तक JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने और मामले की CBI जांच कराने की मांग पूरी नहीं हुई, तो 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। छात्रों ने स्पष्ट किया कि वे मुख्यमंत्री आवास के बाहर डेरा डालकर अपनी मांगों को लेकर आंदोलन करेंगे।
सभी जिलों में मुख्यमंत्री और राहुल गांधी का पुतला दहन
छात्र संगठनों ने आंदोलन को राज्यव्यापी बनाने की भी घोषणा की है। उनके अनुसार, 16 अगस्त को झारखंड के सभी जिलों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन किया जाएगा।
छात्रों ने राहुल गांधी से भी राज्य सरकार से कांग्रेस का समर्थन वापस लेने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि कांग्रेस सरकार से समर्थन वापस नहीं लेती है, तो छात्र संगठन कांग्रेस के खिलाफ भी व्यापक आंदोलन शुरू करेंगे।
पहली बार मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग
आंदोलन के दौरान छात्रों ने पहली बार सीधे तौर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग उठाई है। छात्रों का कहना है कि परीक्षा व्यवस्था में हुई कथित गड़बड़ियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए और इसके लिए सरकार को जिम्मेदारी लेनी होगी।
इसे भी पढ़ें- लातेहार के टंगवा घाटी में भीषण सड़क दुर्घटना, छह लोगों ने गंवाई जान
छात्रों ने कहा कि केवल जांच का आश्वासन पर्याप्त नहीं है। JSSC-CGL को रद्द करना, CBI जांच कराना और पूरे मामले में जवाबदेही तय करना उनकी प्रमुख मांग है।
मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन होगा और तेज
JPSC-JSSC Reform मंच ने चेतावनी दी है कि यदि तय समयसीमा में सरकार उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती है, तो 20 अगस्त का मुख्यमंत्री आवास घेराव व्यापक आंदोलन का रूप लेगा। छात्रों ने कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने वाले नहीं हैं और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


