Ranchi:सिरम टोली फ्लाईओवर के रैंप के विरोध में सरना समिति ने रांची बंद बुलाया. सुबह से ही बंद समर्थक पारंपरिक हथियारों और लाठी-डंडे के साथ सड़कों पर उतर गए.बंद समर्थकों ने सभी दुकानों को लाठी डंडे के बल पर बंद कराया. वहीं शहर सभी इंट्री प्वाइंट और चौक-चौराहों पर बंद समर्थनों ने टायर जलाकर और रोड घेरकर आवागमन बंद कराया.
इन स्थानों पर सरना समिति ने की बैरिकेडिंग
बंद समर्थकों को रातू रोड, पिस्का मोड़, कांके रोड सीएमपीडीआई के सामने, कडरू चौक, लोवाडीह समेत कई स्थानों र बैरिकेडिंग लगाकर जाम कर दिया. सरना समिति के समर्थकों ने कई स्थानों पर टायर जलाकर सड़कों को अवरुद्ध कर दिया. इस दौरान पुलिस की टीमें गश्ती करती दिखीं. पूरे शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. जहां-जहां बंद समर्थक जुटे वहां की वीडियोग्राफी कराई गई.
सड़क जाम से लोगों को हुई खासी परेशानी
वहीं सड़क जाम से आम राहगीरों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा. रास्तों पर बैरिकेडिंग होने के कारण जरूरी काम से घरों से निकले लोगों को घंटों जाम का सामना करना पड़ा. इधर, लोग गली मोहल्लों से होते हुए मुख्य सड़कों पर पहुंचे. बंद समर्थकों ने एंबुलेंस और जरूरी अनिवार्य सेवा से जुड़ी गाड़ियों को रास्ता दिया.



