जापान में अंडर-18 एशिया कप हॉकी: भारत ने सिंगापुर को 25-0 से रौंदा

0
59

सेमीफाइनल में पहुंची टीम, झारखंड की बेटियों का भी शानदार प्रदर्शन

रांची/काकामीगहारा (जापान): अंडर-18 महिला एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए सिंगापुर को 25-0 के विशाल अंतर से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। 29 मई से 6 जून 2026 तक जापान के काकामीगहारा में आयोजित इस प्रतियोगिता में भारत ने लीग चरण का समापन अपने पूल में शीर्ष स्थान के साथ किया।

भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में आक्रामक और प्रभावशाली खेल का प्रदर्शन किया है। सिंगापुर के खिलाफ खेले गए अंतिम लीग मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरू से अंत तक दबदबा बनाए रखा और एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की।

इस मुकाबले में झारखंड की बेटियों ने भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। झारखंड की संदीपा कुमारी, पुष्पा मांझी और श्रुति कुमारी ने एक-एक गोल दागकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

भारत की ओर से सबसे अधिक सात गोल नाज नुशीन ने किए, जबकि गीताश्री नम्मी ने पांच और टीम की कप्तान स्वीटी कुजूर ने चार गोल दागे। इसके अलावा अन्य खिलाड़ियों ने भी गोल कर टीम की जीत को ऐतिहासिक बना दिया।

इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में झारखंड से पुष्पा मांझी, संदीपा कुमारी, श्रुति कुमारी, खिली कुमारी, नीलम टोपनो और सुगन सांगा भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर रही हैं, जो राज्य के लिए गर्व की बात है।

मैच के दौरान भोलानाथ सिंह स्टेडियम पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। जीत के बाद उन्होंने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ी इसी लय को बरकरार रखें और फाइनल जीतकर जापान की धरती पर भारत का तिरंगा लहराएं।

भारतीय टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने पर हॉकी झारखंड तथा खेल विभाग, झारखंड सरकार के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी और आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं।

भारत की इस शानदार जीत ने खिताब की दावेदारी को और मजबूत कर दिया है। अब देशभर के खेल प्रेमियों की निगाहें सेमीफाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां भारतीय टीम जीत की लय को कायम रखते हुए फाइनल में जगह बनाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here