Ranchi : हरमू नदी की जमीन पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 54 अतिक्रमण हटाए। अरगोड़ा अंचल कार्यालय और रांची नगर निगम की संयुक्त टीम ने रेसालदार नगर और डोरंडा क्षेत्र में अभियान चलाकर अवैध रूप से बने मकानों और झोपड़ियों को हटाया।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि हरमू नदी के संरक्षण और अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीनों की मदद से नदी की जमीन पर बने अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया। अभियान के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की भी तैनाती की गई, ताकि कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की जा सके।
अरगोड़ा अंचल कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, कार्रवाई से पहले सभी चिन्हित अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय के भीतर जमीन खाली करने का निर्देश दिया गया था। समयसीमा समाप्त होने के बाद भी कब्जा नहीं हटाने पर प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हरमू नदी और अन्य सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। साथ ही लोगों से सरकारी जमीन पर अतिक्रमण नहीं करने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है.


