रांची में डूरंड कप 2026 का शानदार आगाज, रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा मोरहाबादी स्टेडियम

0
62

Ranchi : मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में रविवार को 135वें डूरंड कप 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में स्थानीय कलाकारों ने झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। स्टेडियम में बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमी मौजूद रहे और पूरे आयोजन के दौरान उत्साह का माहौल देखने को मिला।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क

डूरंड कप के सफल और सुरक्षित आयोजन को लेकर मैच से पहले प्रतिनियुक्त पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया।

उपायुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी निर्धारित समय से पहले अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन करें तथा किसी भी समस्या की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम और वरीय अधिकारियों को दें।

स्टेडियम के हर हिस्से पर रहेगी विशेष निगरानी

प्रशासन ने स्टेडियम परिसर, प्रवेश एवं निकास द्वार, वीआईपी गैलरी, खिलाड़ियों के आवागमन मार्ग, पार्किंग स्थल और दर्शक दीर्घा में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आम दर्शकों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने और किसी भी विवाद या अफवाह को शुरुआती स्तर पर ही नियंत्रित करने पर जोर दिया गया।

प्रत्येक दर्शक की होगी अनिवार्य जांच

वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने कहा कि मैच के दौरान सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। सभी पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर लगातार तैनात रहेंगे तथा स्टेडियम में प्रवेश करने वाले प्रत्येक दर्शक की अनिवार्य सुरक्षा जांच की जाएगी। किसी भी प्रतिबंधित वस्तु को स्टेडियम परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

वीआईपी मूवमेंट और ट्रैफिक के लिए विशेष योजना

बैठक में वीआईपी मूवमेंट, खिलाड़ियों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन और आपातकालीन निकासी योजना को लेकर सेक्टरवार जिम्मेदारियां तय की गईं। जिला प्रशासन ने कहा कि खिलाड़ियों और दर्शकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

एशिया का सबसे पुराना फुटबॉल टूर्नामेंट

डूरंड कप की शुरुआत वर्ष 1888 में शिमला में हुई थी। यह एशिया का सबसे पुराना और दुनिया का तीसरा सबसे पुराना फुटबॉल टूर्नामेंट है। इसकी स्थापना तत्कालीन विदेश सचिव सर मोर्टिमर डूरंड के नाम पर की गई थी। आज यह भारतीय फुटबॉल के सबसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंटों में शामिल है।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here