Patna: बिहार में नीतीश सरकार रोजगार को लेकर गंभीर हैं. वे पिछले कई सालों से बिहार में युवाओं को उनकी योग्यतानुसार रोजगार मुहैया कराते रहे हैं. इसी के तहत एक बार फिर युवाओं को लक्ष्य कर राज्यभर में बहाली निकाली जा रही है. राज्य सरकार ने विभिन्न विभागों में खाली पड़े 64,559 पदों को भरने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा दिए हैं. इन भर्तियों को ‘सात निश्चय-2’ योजना के तहत प्राथमिकता दी जा रही है.
इन खाली पदों में से 14,968 पदों पर बहाली के लिए संबंधित विभागों द्वारा अधियाचन पहले ही बिहार लोक सेवा आयोग एवं अन्य चयन आयोगों को भेजा जा चुका है. इन पदों की नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र शुरू होने की संभावना है.
मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने शेष 49,591 पदों की बहाली प्रक्रिया को लेकर मुख्य सचिवालय में संबंधित विभागों के नोडल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की.
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी विभाग खाली पदों को भरने की प्रक्रिया को शीघ्र और पारदर्शी तरीके से पूरा करें.
मीणा ने कहा कि, राज्य सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए प्रतिबद्ध है. सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि लंबित बहालियों को तेजी से निष्पादित किया जाए. इससे न केवल प्रशासनिक कामकाज में सुधार होगा, बल्कि युवाओं को नौकरी का अवसर भी मिलेगा.
बता दें कि यह बंपर बहाली सरकार की सात निश्चय-2 योजना के तहत हो रही है, जिसका उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर प्रदान करना और सरकारी सेवाओं की दक्षता में सुधार लाना है. इसके तहत राज्य के 10 विभागों में 49591 खाली पदों को भरी जाएगी. मामलू हो कि बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव होना है. विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियों ने अपनी तैयारी शुरु कर दी है.



