Gujrat: पटाखा फैक्ट्री में बॉयलर फटने से पूरा इलाका दहल गया. वहीं इस हादसे में 21 मजदूरों की मौत हो गई. घटना बनासकांठा के पटाखा फैक्ट्री की है. सभी मृतक और घायल मजदूर मध्य प्रदेश के हरदा जिले के हंडिया गांव के रहने वाले हैं. यह फैक्ट्री डीसा तहसील के धुनवा रोड पर है. विस्फोट के दौरान मजदूर फैक्ट्री में काम कर रहे थे. विस्फोट इतना भीषण था कि कई मजदूरों के अंग 50 मीटर दूर तक बिखर गए. फैक्ट्री के पीछे खेत में भी कुछ मानव अंग मिले.
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची. उसे भी आग पर काबू पाने में 5 से 6 घंटे लग गए. वहीं पीएम नरेंद्र मोदी ने मारे गए लोगों के परिजन को 2-2 लाख रुपए की मदद का ऐलान किया है.फैक्ट्री से मिली जानकारी के मुताबिक सभी दो दिन पहले ही मजदूरी के लिए यहां आए थे और पटाखे बनाने का काम कर रहे थे. डीसा एसडीएम नेहा पांचाल ने बताया कि घटना में घायल सभी लोगों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल तीन लोगों का इलाज चल रहा है. कहा कि हादसे को लेकर प्रशासन की ओर से जांच जारी है.
बताया जाता है कि पटाखे बेचने का लाइसेंस था पर बनाने का नहीं था. दीपक ट्रेडर्स नाम की यह पटाखा फैक्ट्री खूबचंद सिंधी की है. वह इस फैक्ट्री में विस्फोटक लाकर पटाखा बनवाते थे. पुलिस आगे की जांच में जुटी है. पुलिस का कहना है कि जो भी दोषी होंगे उस पर कार्रवाई होगी.



