Jhar Media : गोड्डा के पथरगामा थाना क्षेत्र स्थित गांधीग्राम में महिला पर हुई गोलीबारी मामले का गोड्डा पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है. पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इस वारदात की साजिश महिला के पति ने ही रची थी. मामले में महिला के देवर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
घटना 17 जनवरी की देर शाम की है, जब बंदना कुमारी गोड्डा कोर्ट में बयान देकर अपने भाई के साथ परसा गांव लौट रही थी. इसी दौरान पथरगामा थाना क्षेत्र के गांधीग्राम के पास बाइक सवार अपराधियों ने उस पर गोली चला दी.
एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को पकड़ा. उनके पास से देशी कट्टा, दो बाइक व अन्य सामान बरामद किया गया है.
SP मुकेश कुमार ने बताया कि महिला के पति, जो सासाराम में ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट हैं, उन्होंने दो लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या की साजिश रची थी. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 17 जनवरी को पथरगामा थाना क्षेत्र के गांधीग्राम में एक महिला के ऊपर गोली चलने की घटना हुई थी. जिसमें महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी.
जिसका इलाज भागलपुर में चल रहा है. इस मामले के उद्भेदन के लिए एक एसआईटी बनाई गई थी. जांच में पता चला कि महिला के पति जो बिहार में मजिस्ट्रेट हैं उनसे तलाक और मेंटेनेंस का केस गोड्डा में चल रहा है. गोड्डा कोर्ट में बयान देकर वह वापस लौट रही थी इसी क्रम में उसके साथ यह वारदात हुई.



