Ranchi: झारखंड अधिवक्ता परिषद की प्रदेश स्तरीय दो दिवसीय अभ्यास वर्ग का सफल समापन रांची स्थित रानी सती मंदिर परिसर में हुआ. कार्यक्रम के अंतिम दिन प्रदेश कार्यकारिणी के मुख्य पदों पर पुनर्गठन करते हुए नई नियुक्तियों की घोषणा की गई. यह नियुक्तियां राष्ट्रीय मंत्री एवं झारखंड–बिहार प्रभारी चरण सिंह त्यागी तथा क्षेत्रीय संगठन मंत्री सुनील कुमार की उपस्थिति में केंद्रीय पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में संपन्न हुईं.
इस पुनर्गठन के तहत रांची के वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत विद्यार्थी को झारखंड अधिवक्ता परिषद का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया. वे पूर्व में दो बार महामंत्री पद की जिम्मेदारी निभा चुके हैं और झारखंड उच्च न्यायालय में अपनी सक्रिय भूमिका के लिए जाने जाते हैं. बोकारो के विजय नाथ कुंवर को एक बार फिर महामंत्री का कार्यभार सौंपा गया है. वे पिछले सत्र में भी इसी पद पर कार्यरत रहे हैं और संगठनात्मक मजबूती में उनकी भूमिका सराहनीय रही है.
वहीं, सुनील कुमार (रांची) को पहली बार कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई है. उन्होंने संगठन में अपनी सक्रिय भूमिका के चलते यह दायित्व प्राप्त किया है. अधिवक्ता परिषद झारखंड के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा को इस बार क्षेत्रीय संगठन आयाम प्रमुख के पद पर नियुक्त किया गया है. वे पूर्व में दो बार अध्यक्ष रह चुके हैं और उनके नेतृत्व में परिषद ने कई प्रशंसनीय कार्य किए हैं.
केंद्रीय कार्यकारिणी के निर्देशानुसार बाकी पदों का गठन आगामी एक माह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा. इस नई कार्यकारिणी के गठन के उपरांत प्रदेश भर के वरिष्ठ अधिवक्ताओं, कनिष्ठ अधिवक्ताओं, केंद्र एवं राज्य सरकार के अधिवक्ताओं द्वारा नवगठित टीम को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाइयां दी जा रही हैं. इस महत्वपूर्ण जानकारी को झारखंड अधिवक्ता परिषद के प्रांत मीडिया सह प्रमुख श्री रीतेश कुमार बॉबी (अधिवक्ता) ने साझा किया. नई कार्यकारिणी से संगठन को नई दिशा और गति मिलने की आशा जताई जा रही है.



