प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने रची पति की हत्या की साजिश, 20 हजार में दी थी सुपारी

0
219
हत्या

Patna: बिहार के मसौढ़ी में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करवा दी। यह चौंकाने वाला मामला 17 जून को सामने आया जब ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर में दिनदहाड़े राजेश चौधरी को सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि इस हत्या की साजिश उसकी पत्नी ममता देवी (30 वर्ष) ने रची थी। ममता ने अपने से दस साल छोटे प्रेमी मोहम्मद लक्की (20 वर्ष) के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

पुलिस के अनुसार, ममता और लक्की के प्रेम-प्रसंग की जानकारी राजेश को हो गई थी, जिससे वह ममता के साथ मारपीट करता था। इसी कारण ममता ने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई और शूटर निशांत कुमार (18 वर्ष) को 20 हजार रुपये की सुपारी दी गई। इस वारदात में एक नाबालिग लाइनर की भी संलिप्तता सामने आई है।

हत्या के बाद ममता ने कहानी को मोड़ देने की कोशिश की और दो महिलाओं समेत पांच पारिवारिक सदस्यों के खिलाफ मसौढ़ी थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई। हालांकि, पुलिस को उसकी कहानी पर शक हुआ और तकनीकी जांच शुरू की गई। कॉल डिटेल खंगालने पर ममता की रोजाना एक नंबर पर लंबी बातचीत सामने आई, जिससे सच्चाई सामने आई।

पुलिस ने सबसे पहले लक्की को गिरफ्तार किया, फिर ममता और अन्य आरोपित पकड़े गए। सभी ने अपराध कबूल कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पिस्टल और मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। डीएसपी नभ वैभव के अनुसार, सभी आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त सबूत मौजूद हैं। शूटर की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसके बाद उसने पहचान छिपाने के लिए बाल कटवा लिए थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here