पतरातू पावर प्लांट में बड़ा तकनीकी हादसा, 12 श्रमिक घायल

0
394

Jhar Media: पतरातू स्थित NTPC और PVUNL की संयुक्त निर्माणाधीन सुपर थर्मल पावर परियोजना के यूनिट-2 में बुधवार को एक गंभीर तकनीकी हादसा हो गया, जिसमें कुल 12 श्रमिक घायल हो गए। हादसे के बाद परियोजना परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद अधिकारियों और सुरक्षा टीम ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना एयर कूल्ड कंडेंसर (ACC) सिस्टम के डक्ट सेक्शन में लगी इन-प्लेट सील में अचानक खराबी आने के कारण हुई। बताया जा रहा है कि परीक्षण के दौरान सील टूट गई, जिससे डक्ट के अंदर जमा प्रेशराइज्ड डस्ट तेज दबाव के साथ बाहर निकल गया। धूल और दबाव की चपेट में आकर वहां काम कर रहे श्रमिक घायल हो गए। उस समय ACC से संबंधित इरेक्शन और टेस्टिंग का कार्य भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) की देखरेख में चल रहा था।

घायलों में 9 मजदूर मैसर्स आरपीपी इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी से जुड़े बताए जा रहे हैं, जबकि 3 कर्मचारी BHEL के हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद विस्तृत जांच के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ श्रमिकों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि कुछ को सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन की शिकायत हुई है।

परियोजना प्रबंधन ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि स्थिति अब नियंत्रण में है और सभी प्रभावित कर्मियों को आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच के लिए आंतरिक तकनीकी टीम गठित कर दी गई है। सुरक्षा मानकों और उपकरणों की दोबारा जांच भी शुरू कर दी गई है ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो।

स्थानीय प्रशासन को भी घटना की सूचना दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here