Ayodhya : उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी की जांच अब जमीन से जुड़े मामलों तक पहुंच गई है। जांच एजेंसियों ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े नजूल जमीन के सौदों की भी पड़ताल शुरू कर दी है। हालांकि फिलहाल पुलिस का मुख्य फोकस चढ़ावा चोरी के आरोपियों से पूछताछ और मामले की कड़ियों को जोड़ने पर है।
इसे भी पढ़ें- अयोध्या जेल से फरार हुए दो बंदी, जेल अधीक्षक पर गिरी गाज
सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने उन बिचौलियों की सूची तैयार कर ली है, जिन्होंने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के लिए नजूल जमीन के सौदे कराने या उसमें मध्यस्थ की भूमिका निभाई थी। इन सभी को जांच में पूरा सहयोग करने की सख्त हिदायत दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति जांच में असहयोग करता है तो उसके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें- राम मंदिर ट्रस्ट से PMO ने मांगा वित्तीय ब्योरा, जांच का हवाला देकर जानकारी देने से इनकार करने का दावा
इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चढ़ावा चोरी मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) का कार्यकाल बढ़ा दिया है। कार्यकाल बढ़ने के बाद एसआईटी अयोध्या पहुंचकर जांच में जुट गई है। माना जा रहा है कि यही एसआईटी जमीन से जुड़े कथित अनियमितताओं की भी गहराई से जांच करेगी और पूरे मामले की तह तक पहुंचेगी।
जांच एजेंसियां चढ़ावा चोरी और जमीन से जुड़े मामलों के बीच संभावित संबंधों की भी पड़ताल कर रही हैं। फिलहाल पुलिस और एसआईटी दोनों स्तरों पर साक्ष्य जुटाने और संबंधित लोगों से पूछताछ का दौर जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।


