Ranchi : आगामी रथ मेला को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रांची की महापौर रोशनी खलखो ने ऐतिहासिक जगन्नाथ मंदिर परिसर पहुंचकर मेले की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष एन.एन. पांडेय भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा और अन्य आवश्यक इंतजामों की समीक्षा की गई। मंदिर ट्रस्ट, मेला समिति और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में सामाजिक संगठनों और वर्षों से सेवा शिविर लगाने वाले प्रतिनिधियों ने मेले से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं से केंद्रीय मंत्री एवं महापौर को अवगत कराया। इस पर संजय सेठ और रोशनी खलखो ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि रथ मेला हमारी आस्था, संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएंगी।
इस अवसर पर मंदिर कमेटी, विश्व हिंदू परिषद, सरना विकास समिति, मारवाड़ी सहायक समिति, मां सुभद्रा ग्रुप सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के अलावा भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्षद और बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


