Ranchi: पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस कर राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने खान एवं खनिज संशोधन विधेयक को देशहित में बताते हुए कहा कि इससे राज्यों को भी राजस्व का लाभ मिलेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड के कई जिलों में कोयला, बालू और पत्थर की खुलेआम लूट मची हुई है.
सिंडिकेट के हवाले की जमीन
रघुवर दास ने कहा कि ‘जल, जंगल और जमीन’ के नाम पर सत्ता में आए लोगों ने प्राकृतिक संसाधनों को कथित तौर पर सिंडिकेट के हवाले करने का काम किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में झारखंड को ‘लूटखंड’ बना दिया गया है.
जेएमएम के महासचिव गए जेल
पूर्व मुख्यमंत्री ने जेएमएम पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि पार्टी के एक महासचिव पत्थर खनन से जुड़े मामले में जेल जा चुके हैं. रघुवर दास ने दावा किया कि माइनिंग से मिलने वाले टैक्स का करीब 90 प्रतिशत हिस्सा राज्यों को मिलता है.
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राजस्व को लेकर चिंता जताती है और दावा करती है कि झारखंड में केवल चार कोल ब्लॉक ही चालू हैं. रघुवर दास ने सरकार से खनिज संपदा के पारदर्शी उपयोग और राजस्व व्यवस्था पर स्पष्ट जवाब मांगा.


