मृतकों के परिजनों को मिलेगा 9 लाख रुपये मुआवजा
Vaishali : बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में गंगा नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में 13 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में ज्यादातर बच्चे बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, नाव पर करीब 20 से 25 लोग सवार थे। इनमें बड़ी संख्या में बच्चे शामिल थे। सभी लोग एक तेरहवीं के भोज में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान गंगा नदी में नाव पलट गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नाव पर क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने की बात सामने आई है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
इस दुखद घटना के बाद केंद्र और बिहार सरकार ने मुआवजे का ऐलान किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। वहीं, घायलों को भी सहायता राशि देने की बात कही गई है।
बिहार सरकार ने भी मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है। इस तरह केंद्र और राज्य सरकार की घोषित सहायता राशि मिलाकर प्रत्येक मृतक के परिवार को कुल 9 लाख रुपये मिल सकते हैं। इस हादसे ने एक बार फिर नावों में क्षमता से अधिक लोगों को बैठाने और नदी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


