सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा कैंप, तीन श्रेणियों के मतदाताओं पर रहेगा विशेष फोकस
Ranchi: विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के तहत मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने से वंचित रह गए पात्र नागरिकों को निर्वाचन आयोग एक और मौका देने जा रहा है. इसके लिए 18 नवंबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित किया गया है. कैंप सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक यह चलेगा. इस दौरान मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से संबंधित प्रक्रिया पूरी करने का अवसर मिलेगा.
इसे भी पढ़ें- ग्रामीण के कंधे पर बैठकर नदी पार कर रहे थे विधायक, बीच धारा में बिगड़ा संतुलन, दोनों पानी में गिरे
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रविकुमार ने मंगलवार को इसकी जानकारी देते हुए सभी पात्र नागरिकों से विशेष कैंप का लाभ उठाने की अपील की. उन्होंने कहा कि यह उन लोगों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है, जो किसी कारणवश विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची में अपना नाम शामिल नहीं करा सके हैं.
बीएलओ-बीएलए की अंतिम बैठक और चुनाव पाठशाला भी होगी आयोजित
विशेष कैंप के दौरान बीएलओ और बीएलए-2 की छठी एवं अंतिम बैठक भी आयोजित की जाएगी. इसके साथ ही सभी मतदान केंद्रों पर चुनाव पाठशाला का आयोजन होगा. निर्वाचन आयोग का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक से अधिक समावेशी और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे.
तीन श्रेणियों के मतदाताओं पर रहेगा विशेष ध्यान
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के अनुसार, कैंप में मुख्य रूप से तीन श्रेणियों के मतदाताओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. इन श्रेणियों में शामिल पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा.
इसे भी पढ़ें- JSSC-CGL चयनित कर्मियों को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, फिलहाल पदों पर बने रहेंगे 2300 कर्मी
निर्वाचन आयोग ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर इस विशेष अवसर का लाभ उठाएं.


