Ranchi: राजधानी रांची के पुंदाग थाना क्षेत्र स्थित सेल सिटी (Sail City) में मंगलवार दोपहर एक भीषण गैस सिलेंडर विस्फोट से हड़कंप मच गया। ब्लॉक E-1 के एक फ्लैट में हुए इस धमाके के बाद आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया।
तेज धमके के बाद अफरातफरी
धमाका इतना तेज था कि आसपास के फ्लैटों की खिड़कियां और दरवाजे तक हिल गए। जोरदार आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में बाहर निकल आए।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग इतनी भयावह थी कि फ्लैट में रखा सारा सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया।
नहीं हुई जनहानि
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, फ्लैट को भारी नुकसान पहुंचा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुंदाग ओपी पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में गैस सिलेंडर विस्फोट को आग लगने की मुख्य वजह माना जा रहा है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।



