Gayaji: गयाजी के एसएसपी कार्यालय में तैनात दारोगा अनुज कश्यप के सुसाइड का पुलिस ने खुलासा कर लिया है. इस मामले में अनुज की बैचमेट और साथ में ट्रेनिंग करने वाली स्वीटी कुमारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. एसआईटी की पूछताछ में इस बात के सबूत मिले कि स्वीटी की ओर से किया गया मेंटल टॉर्चर दारोगा अनुज बर्दाश्त नहीं कर सके. उन्होंने सुसाइड कर लिया. शनिवार को अनुज कश्यप का शव रामपुर थाना अंतर्गत पुलिस लाइन स्थित किराए के मकान के कमरे से बरामद किया गया था.
अनुज की सुसाइड के बाद उनके पिता भगवान मिश्रा ने आरोप लगाया कि स्वीटी उसे परेशान कर रही थी. वो लगातार शादी के लिए दबाव बना रही थी. स्वीटी हर कीमत पर अनुज से शादी करना चाहती थी. उसने कहा था कि अपनी पत्नी को छोड़ दो. मुझे अपना लो. मुझसे शादी कर लो. उतना ज्यादा मेंटल प्रेशर बनाया कि बेटे ने सुसाइड कर लिया.
पिता ने एसआईटी को जानकारी दी कि स्वीटी कुमारी जो बेलागंज थाने में पोस्टेड थी. वो लगातार टॉर्चर कर रही थी. अनुज ने कहा कि उसकी शादी हो चुकी है. उसकी पत्नी गर्भवती है. स्वीटी कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थी. वो उससे लगातार शादी के लिए दबाव बना रही थी. किसी भी हद तक जाने की बात कर रही थी. सुसाइड से पहले अनुज के मोबाइल पर स्वीटी का कॉल आया था. संवेदनशील अनुज स्वीटी के टॉर्चर से टूट गए. उन्होंने सुसाइड करने को अंतिम उपाय माना. पुलिस ने बताया है कि मामले में दारोगा स्वीटी कुमारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि स्वीटी कुमारी पर अनुज को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप था.


