Tech Jhar Media: आज के दौर में सेल्फी लेना और फोटो खिंचवाते समय Victory या Peace Sign बनाना एक आम ट्रेंड बन चुका है. लेकिन अब यही आदत आपके लिए बड़ा साइबर खतरा बन सकती है. साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट्स ने चेतावनी दी है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से हैकर्स आपकी तस्वीरों से फिंगरप्रिंट चुरा सकते हैं.
विशेषज्ञों के अनुसार यह खतरा केवल प्राइवेसी तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे पहचान चोरी, बैंकिंग फ्रॉड और आर्थिक नुकसान जैसी गंभीर समस्याएं भी हो सकती हैं.
हाल ही में साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट ली चांग ने एक चीनी टीवी शो में लाइव डेमो देकर दिखाया कि AI और फोटो एडिटिंग टूल्स की मदद से किसी व्यक्ति के फिंगरप्रिंट निकाले जा सकते हैं. उन्होंने एक सेलिब्रिटी की सेल्फी का इस्तेमाल करते हुए साबित किया कि कैमरे की तरफ दिखाई गई उंगलियों से काफी हद तक Fingerprint Data हासिल किया जा सकता है.
कितनी दूरी से हो सकता है डेटा चोरी?
ली चांग के मुताबिक, अगर किसी फोटो में उंगलियों के पोर सीधे कैमरे की ओर हों और तस्वीर लगभग 1.5 मीटर की दूरी से ली गई हो, तो फिंगरप्रिंट काफी स्पष्ट रूप से निकाले जा सकते हैं. वहीं 1.5 से 3 मीटर दूर से ली गई तस्वीरों में भी करीब आधा Fingerprint Data हासिल किया जा सकता है.
उन्होंने बताया कि आधुनिक AI टूल्स और फोटो एन्हांसमेंट तकनीक की मदद से धुंधले निशानों को भी साफ किया जा सकता है, जिससे साइबर अपराधियों के लिए काम और आसान हो जाता है.
कैसे करें बचाव?
* सोशल मीडिया पर हाई-रेजोल्यूशन फोटो पोस्ट करने से बचें
* फोटो खिंचवाते समय उंगलियों को सीधे कैमरे की तरफ न रखें
* बायोमेट्रिक सिक्योरिटी के साथ मजबूत पासवर्ड और 2-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल करें
* सार्वजनिक प्लेटफॉर्म पर निजी जानकारी साझा करने में सावधानी बरतें
विशेषज्ञों का कहना है कि AI तकनीक जितनी तेजी से विकसित हो रही है, साइबर अपराधी भी उतनी ही नई तरकीबें अपना रहे हैं. ऐसे में डिजिटल सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना बेहद जरूरी है.



