Ranchi : गुरुवार दोपहर अचानक आए तेज आंधी-तूफान ने राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में भारी तबाही मचा दी। तेज हवाओं और बारिश के साथ हुई वज्रपात की घटनाओं ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया।
इसे पढ़ें – झारखंड में 1 मई से जनगणना-2027 का पहला चरण, ऐसे करें स्व-गणना
भरम टोली नदी किनारे, थाना बरियातू क्षेत्र के निवासी कन्हाई लाल की ठनका (वज्रपात) गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह उस समय नदी किनारे मौजूद थे, तभी अचानक वज्रपात की चपेट में आ गए। कन्हाई लाल अपने पीछे पत्नी और चार बच्चों को छोड़ गए हैं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
वहीं, शहर के कई इलाकों—कांके रोड, गांधी नगर, कांगे जयपुर, मोरहाबादी और धुर्वा—में भी आंधी का व्यापक असर देखने को मिला। तेज हवाओं के कारण कई कच्चे मकान ढह गए, जबकि कई स्थानों पर पेड़ उखड़कर सड़कों और घरों पर गिर पड़े।
इसे पढ़ें – रामगढ़ में साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश, 4 शातिर गिरफ्तार, देशभर में 274 शिकायतें हैं दर्ज
पेड़ों के गिरने से कुछ लोग और मवेशी भी घायल हुए हैं। स्थानीय प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य जारी है, जबकि प्रभावित इलाकों में नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
मौसम विभाग ने पहले ही तेज आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की थी, लेकिन अचानक आई इस तबाही ने लोगों को संभलने का मौका नहीं दिया। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।



