धराली आपदा में पश्चिम चंपारण के 14 लोग लापता, पांच के परिजनों ने पुतला बनाकर किया अंतिम संस्कार

0
219

West Champaran: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धराली क्षेत्र में हाल ही में आई भीषण आपदा के बाद पश्चिम चंपारण जिले के 14 लोग लापता हो गए हैं. इनमें से पांच लोगों के परिजनों ने उन्हें मृत मानते हुए पारंपरिक रीति से पुतला बनाकर उनका अंतिम संस्कार कर दिया है. लापता लोगों में सबसे अधिक संख्या सिकटा प्रखंड के मंगलहिया गांव के निवासियों की है, जहां से सात लोग गायब हैं. इसके अलावा चनपटिया प्रखंड से तीन और बैरिया से एक व्यक्ति लापता हैं.

मंगलहिया गांव के परशुराम ठाकुर के पुत्र राकेश कुमार (22), रिपोर्ट दास के पुत्र गुड्डू कुमार (18), स्व. रामेश्वर यादव के पुत्र बृजेश यादव (30), हरिलाल मुखिया के पुत्र संदीप कुमार (18), इन्द्रजीत साह के पुत्र संदीप कुमार (18) के पुतले बनाकर उनके परिजनों ने शनिवार को अंतिम संस्कार कर दिया. इसके अलावा छोटेलाल मुखिया के पुत्र रामाकांत कुमार (18) व हरिओम कुमार भी लापता हैं.

बैरिया प्रखंड के वृता टोला निवासी चन्द्रदेव मुखिया के पुत्र रंजन कुमार (18) तथा चनपटिया के सुगर महछी वार्ड नं. 10 के रुदल राम के पुत्र कृष्णा राम (22), दक्षिणी घोघा पंचायत वार्ड नं. 4 निवासी किशुन कुशवाहा के पुत्र रामाधार कुशवाहा (31) और उत्तरी घोघा के घोघा घाट निवासी स्व. चंचल शर्मा के पुत्र निशु शर्मा (48) भी आपदा के बाद से लापता हैं.

मंगलहिया के देवराज शर्मा (50) और उनके दो पुत्र अनिल कुमार (20) व सुशील कुमार (18) भी लापता हैं. शनिवार को इन तीनों का भी पुतला बनाकर अंतिम संस्कार कर दिया गया. परिजन लगातार धराली पहुंचकर लापता लोगों की खोजबीन कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है. स्थानीय प्रशासन और पुलिस से संपर्क कर सहायता की गुहार लगाई जा रही है.

नरकटियागंज एसडीओ सूर्य प्रकाश गुप्ता ने बताया कि सिकटा के सीओ को निर्देश दिया गया है कि वे लापता लोगों की सूची बनाकर जिला आपदा कार्यालय को सौंपें ताकि परिजनों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जा सके. वहीं, बेतिया सदर एसडीओ विकास कुमार ने सभी अंचलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे मामलों की जानकारी जुटाने का निर्देश दिया है. उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि अगर किसी को कोई जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here