Jhar Media: रांची में हाल के दिनों में तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों द्वारा लोगों को कुचलने की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। इन हादसों में न केवल आम नागरिक घायल हो रहे हैं और अपनी जान गंवा रहे हैं, बल्कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी भी निशाना बन रहे हैं। बढ़ती घटनाओं ने पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीनियर एसएसपी राकेश रंजन ने जिले के सभी थाना प्रभारियों और ट्रैफिक अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं ताकि बेलगाम रफ्तार पर तत्काल लगाम लगाई जा सके।
इसी सिलसिले में गुरुवार रात एसएसपी ने अपने गोपनीय कार्यालय में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक बुलाई। बैठक में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), पुलिस अधीक्षक (नगर), पुलिस अधीक्षक (यातायात) सहित शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के सभी प्रमुख थानों के प्रभारी और संबंधित पुलिस उपाधीक्षक मौजूद रहे। बैठक में हाल के सड़क हादसों, रैश ड्राइविंग, स्टंटबाजी और वाहन से जुड़े आपराधिक मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई।
एसएसपी ने निर्देश दिया कि शहर और ग्रामीण इलाकों में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जाए। प्रमुख चौक-चौराहों, स्कूल-कॉलेज क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले मार्गों पर नियमित चेकिंग की जाए। तेज रफ्तार, नशे में ड्राइविंग, बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट चलने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया है। साथ ही रात के समय विशेष पेट्रोलिंग बढ़ाने और संदिग्ध वाहनों की अनिवार्य जांच करने का आदेश दिया गया।
पुलिस अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि सीसीटीवी और स्पीड मॉनिटरिंग उपकरणों का अधिकतम उपयोग किया जाए। बार-बार नियम तोड़ने वाले चालकों का लाइसेंस निलंबन प्रस्तावित करने और वाहन जब्त करने की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



