प्रेम के लिए धर्म परिवर्तन: मुस्लिम युवती ने अपनाया सनातन धर्म

0
152

Khandwa: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से प्रेम और धर्म परिवर्तन से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है. यहां एक मुस्लिम युवती ने अपने प्रेमी से विवाह करने के लिए इस्लाम धर्म को त्यागकर सनातन धर्म अपना लिया और मंदिर में हिंदू रीति-रिवाजों से विवाह किया. यह मामला न केवल स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है, बल्कि धार्मिक स्वतंत्रता और व्यक्तिगत चयन की स्वतंत्रता को लेकर भी नई बहस छेड़ रहा है.

मामला खरगोन जिले के निवासी मयूर और खंडवा की मुस्लिम युवती साजिया से जुड़ा है. दोनों के बीच कई वर्षों से दोस्ती थी, जो समय के साथ प्रेम में बदल गई. हालांकि, धर्म की दीवार उनके रिश्ते के बीच सबसे बड़ी बाधा बनकर खड़ी थी. लेकिन प्रेम के आगे इन दीवारों ने दम तोड़ दिया और साजिया ने मयूर से शादी करने का निर्णय लेते हुए धर्म परिवर्तन का रास्ता चुना.

साजिया ने स्वेच्छा से इस्लाम धर्म को छोड़कर सनातन धर्म को अपनाया और अपना नाम बदलकर ‘शारदा’ रख लिया. इसके बाद दोनों ने खंडवा के प्रसिद्ध महादेवगढ़ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना और वैदिक रीति-रिवाजों के साथ शादी की. विवाह समारोह में शारदा ने लाल जोड़ा पहनकर सिंदूर और मंगलसूत्र धारण किया और सात फेरे लिए. इस अवसर पर मयूर के परिजन, मंदिर के पुजारी और अन्य स्थानीय लोग उपस्थित रहे.

शारदा ने मीडिया से बातचीत में कहा, “मैंने यह फैसला पूरी तरह से अपनी इच्छा से लिया है. धर्म हमारे प्रेम के बीच बाधा था, लेकिन मैंने अपने जीवनसाथी के साथ रहने के लिए सनातन धर्म को अपनाया है और अब मैं खुद को संतोषी माता के चरणों में समर्पित करती हूं.” वहीं, मयूर ने भी खुशी जताते हुए कहा कि अब वे दोनों सामाजिक और धार्मिक रूप से एक-दूसरे के जीवनसाथी बन गए हैं. उन्होंने परिवार और मंदिर प्रशासन का आभार व्यक्त किया.

महादेवगढ़ मंदिर के संचालक अशोक पालीवाल ने बताया कि धर्म परिवर्तन की पूरी प्रक्रिया कानूनी दायरे में रहकर की जाती है. मंदिर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति से पहले लिखित सहमति और शपथ-पत्र लिया जाता है, और उसके बाद ही धार्मिक अनुष्ठान किए जाते हैं. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी पर न तो दबाव डाला जाता है और न ही कोई लालच दिया जाता है.

गौरतलब है कि यह बीते सात दिनों में खंडवा जिले में धर्म परिवर्तन की तीसरी घटना है. इससे पहले भी दो मुस्लिम युवतियों ने सनातन धर्म अपनाकर विवाह किया था. इन घटनाओं ने जिले में धर्म और प्रेम को लेकर नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here