झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की हालत गंभीर, आईसीयू में चल रहा इलाज

0
641

Ranchi: झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक, पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तबीयत काफी नाजुक बनी हुई है. उन्हें दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वे आईसीयू में डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में हैं. झामुमो के प्रवक्ता मनोज पांडेय ने शुक्रवार को जानकारी दी कि 81 वर्षीय शिबू सोरेन को ब्रेन स्ट्रोक हुआ है, जिसके कारण उनके शरीर का बायां हिस्सा पैरालाइज हो गया है. उनकी हालत गंभीर है, हालांकि स्थिर बनी हुई है. न तो कोई विशेष सुधार हुआ है और न ही हालत और बिगड़ी है.

शिबू सोरेन का इलाज न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी और नेफ्रोलॉजी विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम कर रही है. लंबे समय से वे किडनी, डायबिटीज और हृदय संबंधी बीमारियों से जूझ रहे हैं. उन्हें एक साल से डायलिसिस पर रखा गया है और पहले उनकी बायपास सर्जरी भी हो चुकी है.

झामुमो प्रवक्ता ने कहा कि झारखंड और वहां की जनता को अभी भी गुरुजी के अनुभव और मार्गदर्शन की आवश्यकता है. उन्होंने झामुमो समर्थकों और आम लोगों से शिबू सोरेन के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करने की अपील की है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भी गुरुवार को अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जाना. इससे पहले झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार भी अस्पताल जाकर गुरुजी से मुलाकात कर चुके हैं.

इस बीच भाजपा ने शिबू सोरेन के स्वास्थ्य को लेकर आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी करने की मांग की है. पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने कहा कि शिबू सोरेन न सिर्फ पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद हैं, बल्कि राज्य सरकार की समन्वय समिति के अध्यक्ष भी हैं. ऐसे में जनता को सटीक जानकारी देने के लिए सरकार या पीआईबी को नियमित मेडिकल बुलेटिन जारी करना चाहिए. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी शिबू सोरेन के स्वास्थ्य पर चिंता जताते हुए उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि गुरुजी की तबीयत की खबर से वे बेहद चिंतित हैं और ईश्वर से उनके दीर्घायु जीवन की प्रार्थना करते हैं.

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here