रांची के नन्हे तैराक ईशांक सिंह को भाजपा नेताओं ने घर जाकर किया सम्मानित

0
66

Ranchi: झारखंड के उभरते हुए नन्हे तैराक ईशांक सिंह की ऐतिहासिक उपलब्धि पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने उनके रांची स्थित आवास पर पहुंचकर सम्मानित किया। इस दौरान मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रमेश सिंह भी उपस्थित रहे।

महज 7 वर्ष की उम्र में ईशांक सिंह ने भारत और श्रीलंका के बीच स्थित लगभग 29 किलोमीटर लंबे पाक जलडमरूमध्य को मात्र 9 घंटे 50 मिनट में तैरकर पार करते हुए विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया है। उन्होंने श्रीलंका के तलाइमन्नार से भारत के धनुषकोडी तक का कठिन समुद्री सफर तय कर एक नया इतिहास रच दिया।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि यह झारखंड के लिए अत्यंत गर्व और प्रेरणा का क्षण है। इतनी कम उम्र में समुद्र जैसे चुनौतीपूर्ण मार्ग को पार करना ईशांक की असाधारण प्रतिभा, दृढ़ इच्छाशक्ति और कठोर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ईशांक की यह उपलब्धि देश-प्रदेश के लाखों बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

वहीं संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि ईशांक सिंह ने अपने साहस और प्रतिभा से न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने इसे राज्य के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि इतनी छोटी उम्र में इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करना अपने आप में अद्भुत है।

भाजपा नेताओं ने ईशांक सिंह, उनके माता-पिता और प्रशिक्षकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here