15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो सेवा बाधित करने की चेतावनी
Ranchi : झारखंड में 108 एम्बुलेंस सेवा से जुड़े कर्मचारियों का आंदोलन फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। श्रम विभाग और कर्मचारी संघ के बीच हुई वार्ता के बाद यह फैसला लिया गया। विभाग की ओर से कर्मचारियों की मांगों पर 7 से 15 दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया है।
इसे भी पढ़ें: रांची में दर्दनाक हादसा: मिट्टी धंसने से दो मजदूरों की मौत
बताया गया कि श्रम विभाग ने मामले की जांच कर संबंधित कंपनी के खिलाफ उचित कदम उठाने की बात भी कही है। इस आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने फिलहाल अपना आंदोलन रोक दिया है, लेकिन साफ चेतावनी दी है कि तय समयसीमा के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर वे दोबारा आंदोलन शुरू करेंगे और 108 एम्बुलेंस सेवा बाधित कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: PM मोदी ने 9.32 करोड़ किसानों को भेजी सम्मान राशि की 22वीं किस्त
दरअसल, शुक्रवार को डोरंडा स्थित श्रम भवन में झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के नेतृत्व में कर्मचारियों ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया था। इस दौरान कर्मचारियों ने वेतन कटौती, बकाया भुगतान, शोषण और कार्यस्थल पर अनियमितताओं के खिलाफ जोरदार विरोध जताया।
कर्मचारी संघ का कहना है कि लंबे समय से उनकी मांगों की अनदेखी की जा रही थी, जिसके चलते उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। अब विभाग के आश्वासन के बाद वे 15 दिनों तक इंतजार करेंगे। यदि इस अवधि में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो राज्यभर में 108 एम्बुलेंस सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
इस पूरे घटनाक्रम पर अब सभी की नजरें श्रम विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।



