तीन शव वाहन उपलब्ध होने के बावजूद नहीं किया गया इस्तेमाल, अपने ही कर्मचारी को सम्मानजनक विदाई तक नहीं दे सका नगर निगम

0
Oplus_131072

Giridih : नगर निगम की संवेदनहीनता का एक शर्मनाक मामला सामने आया है। जिस नगर निगम की जिम्मेदारी शहर को साफ-सुथरा रखने की है, उसी निगम के एक सफाईकर्मी का शव कचरा ढोने वाली गाड़ी से सदर अस्पताल पहुंचाया गया। हैरानी की बात यह है कि नगर निगम के पास सरकार की ओर से उपलब्ध कराए गए तीन शव वाहन मौजूद हैं, इसके बावजूद जरूरत के समय एक भी शव वाहन का इस्तेमाल नहीं किया गया।

जानकारी के अनुसार, पचंबा थाना क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय सोनू हाड़ी नगर निगम में दैनिक सफाईकर्मी के रूप में कार्यरत थे। तालाब में डूबने से उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद पोस्टमार्टम के लिए उनके शव को सदर अस्पताल ले जाना था। लेकिन नगर निगम की ओर से शव को कचरा उठाने वाली गाड़ी में रखकर अस्पताल पहुंचाया गया।

इस घटना की तस्वीर सामने आने के बाद नगर निगम की कार्यशैली और मानवीय संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जिस कर्मचारी ने शहर को स्वच्छ रखने के लिए अपनी सेवाएं दीं, उसकी मौत के बाद उसे सम्मानजनक विदाई तक नहीं मिल सकी।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब नगर निगम के पास तीन शव वाहन उपलब्ध हैं, तो आखिर सोनू हाड़ी के शव को अस्पताल पहुंचाने के लिए कचरा वाहन का इस्तेमाल क्यों किया गया? इस घटना ने निगम की व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली को कटघरे में खड़ा कर दिया है।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here